
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के अंतर्गत आते आनी क्षेत्र में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसा पेश आया। शमशर-गुगरा मार्ग पर अचानक आए तूफान के कारण एक विशालकाय चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया। इस हादसे में गाड़ी में सवार चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। 200 फीट गहरी खाई में गिरी अनियंत्रित गाड़ी जानकारी के अनुसार, बोलेरो (नंबर HP01K-4621) में स्कूल से छुट्टी के बाद 6 महिला शिक्षक और चालक सवार होकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे आए तेज तूफान के कारण एक भारी पेड़ चलती गाड़ी के ऊपर आ गिरा। पेड़ गिरने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 200 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी महिला शिक्षकों और चालक को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया। हादसे का शिकार हुए मृतक और घायल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार शिक्षिकाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो गंभीर रूप से घायल शिक्षिकाओं को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर किया गया है। चालक का उपचार आनी अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की सूची: स्नेह लता (38): पत्नी टीका नंद, निवासी पारलीधार, आनी। बंती कौंडल: पत्नी हेम दत्त, निवासी लामीसेरी, आनी। उषा कुमारी (43): पत्नी मदन लाल, निवासी तराला, आनी। सीमा आजाद (54): पत्नी जिया लाल आजाद, निवासी रोपड़ी, आनी। घायलों के नाम: सुरेश चंद (चालक): पुत्र देश राज, निवासी रोपड़ी। तारा देवी: पत्नी रविंद्र कुमार, निवासी रोपड़ी। रीना कुमारी: पत्नी प्रेम सागर, निवासी सरकाघाट (मंडी)। बाल-बाल बची यात्रियों से भरी बस चश्मदीदों के अनुसार, हादसे के वक्त मार्ग से एक बस और अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। गनीमत यह रही कि पेड़ सीधे बोलेरो पर गिरा, अन्यथा बस की चपेट में आने से मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंच गई थीं। प्रशासन द्वारा फौरी राहत की घोषणा एसडीएम आनी, लक्ष्मण कनेट ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायलों को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त किया मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आनी क्षेत्र में हुए हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Source link
Check Also
Trump Tariffs EU Cars | US Manufacturing Demand
वॉशिंगटन डीसी4 घंटे पहलेकॉपी लिंकअमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को घोषणा की है …