हरियाणा में भाजपा की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट दिल्ली से जारी हो गई है, अब इन स्टार प्रचारकों की रैलियों को लेकर हरियाणा भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। देर रात रोहतक में इसको लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया के साथ अन्य बड़े नेताओं ने मंथन किया। लगभग दो घंटे चली इस मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हरियाणा में दो बार बुलाने पर चर्चा हुई।
साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डिमांड को देखते हुए अंबाला और गुरुग्राम में उनकी रैलियां कराने पर मंथन हुआ। इसके अलावा हरियाणा के स्थानीय नेताओं की रैलियों को लेकर भी शेड्यूल बनाए जाने को लेकर चर्चा की।

रोहतक में देर रात भाजपा नेताओं ने स्टार प्रचारकों की रैलियों के शेड्यूल को लेकर मंथन किया।
4 राज्यों के सीएम हरियाणा में करेंगे प्रचार
इस सूची में 40 दिग्गजों को जगह मिली है। जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा केंद्रीय स्तर के मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश के मंत्री और पूर्व मंत्रियों को शामिल किया गया है। लिस्ट के मुताबिक पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा, एमपी सीएम मोहन यादव, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धार्मी, पूर्व सीएम मनोहर लाल और पूर्व गृहमंत्री अनिल विज के नाम शामिल हैं।
विजय संकल्प रैलियों का फीड बैक लिया
मीटिंग में चुनाव प्रभारी ने विजय संकल्प रैलियों के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अलावा केंद्रीय नेताओं की रैलियों के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि 90 विधानसभाओं में से लगभग 45 विधानसभाओं में विजय संकल्प रैलियां हो चुकी हैं।
बची विधानसभाओं में भी इन रैलियों को इस हफ्ते पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद स्टार प्रचारकों की रैलियों का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। डिमांड के हिसाब से ही यह शेड्यूल तैयार किया जाएगा।

हरियाणा के लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया ने विजय संकल्प रैलियों का फीडबैक भी लिया।
मीटिंग में ये नेता रहे मौजूद
विजय संकल्प रैलियों के साथ-साथ अपने प्रत्याशियों के नामांकन कराने में जुटी भाजपा ने एक के बाद एक बैठकों के जरिए रणनीति को और पुख्ता करने की दिशा में और तेजी बरतनी शुरू की है। बुधवार को भी भाजपा की देर रात हुई मीटिंग में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, लोकसभा चुनाव प्रभारी डा. सतीश पूनिया, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सुरेन्द्र नागर, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्या सुधा यादव, लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक सुभाष बराला, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, अर्चना गुप्ता मौजूद रहे।