













स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन में आखिरकार 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का खाता खुल ही गया। टीम ने रविवार को अपने होम ग्राउंड पर 18 हजार बच्चों के सामने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हरा दिया। इस जीत में रोमारियो शेफर्ड का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पारी के 20वें ओवर में 32 रन बनाए।
गेंदबाजी में मुंबई के हीरो जसप्रीत बुमराह रहे, जिन्होंने 22 रन देकर 2 विकेट लिए। इसी के साथ वह मुंबई के लिए IPL में 150 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन गए। MI ने वानखेड़े स्टेडियम में अपना हाईएस्ट स्कोर भी बनाया।
MI vs DC मैच के टॉप रिकॉर्ड्स…
1. मुंबई ने रिकॉर्ड 14वीं बार डिफेंड किया 200+ का स्कोर
मुंबई इंडियंस ने IPL इतिहास में रिकॉर्ड 14वीं बार 200 से ज्यादा रन के स्कोर को डिफेंड किया। टीम ने रविवार को दिल्ली के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 234 रन बनाए। दिल्ली को फिर 205 रन पर रोक भी दिया।
MI से ज्यादा IPL में किसी भी टीम ने 200 से ज्यादा रन का स्कोर डिफेंड नहीं किया है। खास बात यह भी कि MI के खिलाफ कोई भी टीम 200 या उससे ज्यादा रन का टारगेट अब तक चेज ही नहीं कर सकी है।

2. 100 कैच पकड़ने वाले चौथे प्लेयर बने रोहित
मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ एक कैच पकड़ा। इसी के साथ उनके IPL में 100 कैच भी पूरे हो गए। वह टूर्नामेंट में कैच की सेंचुरी लगाने वाले चौथे ही प्लेयर बने। उनसे पहले MI के कायरन पोलार्ड, CSK के सुरेश रैना और RCB के विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं।

3. मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में 50वां मैच जीता
मुंबई इंडियंस ने अपने होमग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में 50वां IPL मैच जीता। इसी के साथ टीम एक ग्राउंड पर जीत की हाफ सेंचुरी बनाने वाली पहली IPL टीम बन गई। मुंबई के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने होमग्राउंड ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 48 मैच जीते हैं। चेपॉक में 47 जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स तीसरे नंबर पर है।

4. 150 टी-20 जीतने वाली पहली टीम बनी MI
मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने करियर का 150वां मुकाबला जीता। इसमें IPL के साथ चैंपियंस लीग टी-20 में मिली जीत भी शामिल है। टी-20 में सबसे ज्यादा जीत के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स 148 जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। टीम इंडिया टी-20 फॉर्मेट में 144 जीत के साथ तीसरे नंबर पर है।

5. DC के सबसे महंगे बॉलर बने एनरिक नॉर्त्या
दिल्ली कैपिटल्स के विदेशी तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्या ने रविवार को मुंबई के खिलाफ 4 ओवर में 65 रन दिए। इसी के साथ वह टीम के लिए एक IPL मैच में सबसे महंगे गेंदबाज बन गए। उन्होंने उमेश यादव की बराबरी की, जिन्होंने 2013 में RCB के खिलाफ 65 रन दिए थे। नॉर्त्या ने तो 65 रन देने के साथ स्पेल में 2 विकेट भी लिए।

6. MI ने बगैर फिफ्टी के सबसे बड़ा स्कोर बनाया
मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के खिलाफ 234 रन का स्कोर बनाया, इस स्कोर में टीम के किसी भी बैटर ने फिफ्टी नहीं लगाई। रोहित शर्मा 49 रन के साथ टीम के टॉप स्कोरर रहे। टी-20 इतिहास में बगैर किसी खिलाड़ी की फिफ्टी के यह सबसे बड़ा स्कोर रहा। MI ने इंग्लिश टीम समरसेट का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में केंट के खिलाफ 226 रन बनाए थे।

7. बुमराह के 150 IPL विकेट पूरे
मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दिल्ली ने खिलाफ अपने 4 ओवर में महज 22 रन देकर 2 विकेट झटक लिए। इसी के साथ उनके IPL करियर में 150 विकेट भी पूरे हो गए। वह एक टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। उनसे आगे KKR के सुनील नरेन और MI के ही दिग्गज लसिथ मलिंगा हैं।

8. दिल्ली के खिलाफ MI ने छठा 200+ स्कोर बनाया
मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छठी बार IPL में 200 या उससे ज्यादा रन का स्कोर खड़ा किया। इसी के साथ टीम ने एक अपोनेंट के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 200 प्लस रन का स्कोर बनाने की बराबरी कर ली। MI के अलावा RCB ने PBKS के खिलाफ 6 बार 200 या उससे ज्यादा रन का स्कोर खड़ा किया है।

9. होमग्राउंड पर MI का सबसे बड़ा स्कोर
मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इससे पहले 2017 में टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ दूसरी पारी में 223 रन बनाए थे। अब टीम ने 234 रन बनाए। वानखेड़े में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड RCB के नाम है, टीम ने 2015 में MI के ही खिलाफ 235 रन बनाए थे।

10. 2 टीमों के खिलाफ एक हजार रन बनाने वाले दूसरे प्लेयर बने रोहित
रोहित शर्मा ने रविवार को 49 रन बनाए, इसी के साथ उनके दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL में एक हजार रन भी पूरे हो गए। उन्होंने IPL में कोलकाता के खिलाफ भी एक हजार से ज्यादा रन बना रखे हैं। इसी के साथ वह 2 टीमों के खिलाफ एक हजार से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे प्लेयर बने। उनसे पहले विराट कोहली और डेविड वॉर्नर ऐसा कर चुके हैं।

11. IPL के आखिरी 2 ओवर में सबसे ज्यादा रन बने
मुंबई ने दिल्ली के खिलाफ आखिरी 2 ओवरों में 51 रन बनाए। टूर्नामेंट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब आखिरी 2 ओवरों में 50 रन का आंकड़ा पार हुआ। इससे पहले 2020 में पंजाब किंग्स ने RCB के खिलाफ आखिरी 2 ओवरों में 49 रन बनाए थे।

12. 20वें ओवर में MI प्लेयर का सबसे बड़ा स्कोर
MI के रोमारियो शेफर्ड ने 20वें ओवर में दिल्ली के एनरिक नॉर्त्या के खिलाफ 32 रन बनाए। इस ओवर में उन्होंने 4 छक्के और 2 चौके लगाए। MI की ओर से यह 20वें ओवर में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2017 में हार्दिक पंड्या ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के अशोक डिंडा के खिलाफ 20वें ओवर में 30 रन बनाए थे।
IPL इतिहास में यह दूसरा सबसे महंगा 20वां ओवर रहा। इससे पहले 2021 मे CSK के रवींद्र जडेजा ने RCB के हर्षल पटेल के ओवर में 37 रन बटोरे थे। इसमें एक नो-बॉल भी थी।

13. एक ओवर में 3 नो-बॉल फेंकने वाले पहले स्पिनर बने सिद्धार्थ
रविवार को दूसरा मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इसमें LSG के लेफ्ट आर्म स्पिनर मणिमरन सिद्धार्थ ने एक ओवर में 3 नो-बॉल फेंकी। इसी के साथ वह IPL के एक ओवर में सबसे ज्यादा नो-बॉल फेंकने वाले स्पिनर बन गए। उन्होंने अमित मिश्रा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2009 में एक ओवर में 2 नो-बॉल फेंकी थी।

LSG के एम सिद्धार्थ एक IPL ओवर में सबसे ज्यादा नो-बॉल फेंकने वाले प्लेयर बने।
Source link