
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा के दिवालिया होने की खबरों पर उनके मैनेजर शशि सिन्हा ने रिएक्ट किया है। हाल ही में कॉलेज और प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करने और साधारण कार में नजर आने के बाद ये चर्चाएं उठीं। मैनेजर ने बताया कि गोविंदा की आर्थिक स्थिति ठीक है। पिछले काफी समय से गोविंदा को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हाल ही में गोविंदा को कुछ प्राइवेट इवेंट्स और एक कॉलेज फंक्शन में डांस करते देखा गया, जिसके बाद यह कहा जाने लगा कि वह पैसों की तंगी के चलते ऐसे कार्यक्रमों में परफॉर्म कर रहे हैं। वहीं, हाल ही में गोविंदा का यूपी में एक साधारण टैक्सी में सफर करते वीडियो भी वायरल हुआ, जिसे कुछ लोगों ने उनके “डाउनफाल” से जोड़ दिया। इन खबरों पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए ANI से कहा, “ जो सरकार का एयरपोर्ट जोन होता है, जहां आर्म्स, एम्युनिशन और सरकारी इंतजाम होते हैं, वहां प्राइवेट गाड़ियां अलाउड नहीं होतीं। क्या आपने कभी गौर से देखा है कि वहां ‘भारत सरकार’ लिखा होता है? क्या भारत सरकार की गाड़ी किसी आम आदमी को ऐसे ही मिल जाती है? एयरपोर्ट पर उस समय भारत सरकार की गाड़ी अलाउड थी, इसलिए वही इस्तेमाल की गई। गोविंदा के पास एक नहीं, बल्कि कई गाड़ियां हैं। करोड़ों रुपए के कई ऑफर गोविंदा ठुकरा चुके शशि सिन्हा ने कहा कि गोविंदा भले ही पिछले कई सालों से किसी फिल्म में नजर नहीं आए हों, लेकिन उनकी डिमांड आज भी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गोविंदा सिर्फ इवेंट्स और डांस परफॉर्मेंस के लिए ही नहीं, बल्कि फिल्मों के लिए भी लगातार ऑफर पा रहे हैं। सिन्हा ने कहा, “मैं खुद इसका गवाह हूं कि उन्होंने करोड़ों रुपए के ऑफर ठुकराए हैं। स्क्रिप्ट पसंद न आना या किसी और वजह से काम न करना अलग बात है, लेकिन वह ऐसे एक्टर हैं जिनकी हाल के वर्षों में कोई हिट फिल्म नहीं आई, फिर भी बड़े प्रोड्यूसर और एक्टर्स उनके साथ काम करना चाहते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने काम करना छोड़ दिया है। बहुत जल्द इससे जुड़ी एक बड़ी अनाउंसमेंट भी सामने आएगी।” शशि सिन्हा ने उस दौर का भी जिक्र किया, जब गोविंदा को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। सिन्हा ने कहा, “यह बात आज की नहीं है, बल्कि 8–10 साल पहले की है। जब गोविंदा सांसद बने थे, उसके बाद की बात है। बहुत लोग सोचते हैं कि सांसद बन गए तो बहुत पैसा कमा लिया होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था।
गोविंदा ने अपनी कमाई से लोगों की मदद की थी सिन्हा ने कहा कि मुझे याद है कि जब वह सांसद बने, तब भी उन्होंने सांसद फंड और अपनी कमाई से लोगों की मदद की। किसी को यह दे दो, किसी का वह कर दो। इसी चक्कर में एक समय ऐसा आया कि उनके पास पैसे नहीं बचे। हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें अपना घर गिरवी रखना पड़ा। वह जलदर्शन बिल्डिंग है, बहुत बड़ी बात है। उसे गिरवी रखकर लोन लिया और पुराने खर्चे चुकाए। यह पैसा न किसी प्रोड्यूसर ने दिया, न किसी फाइनेंसर ने। हमने कभी इस बारे में कुछ कहा भी नहीं। सिन्हा ने आगे कहा कि आज मैं यह इसलिए बता रहा हूं क्योंकि वह उस हालत से बाहर निकले हैं। अगर उन्हें मनपसंद और इज्जत के साथ काम नहीं मिलता, तो वह शो नहीं करते, लेकिन कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने इज्जत के साथ मिले कार्यक्रम किए। अभी कुछ ही समय पहले उनका घर गिरवी से फ्री हुआ है। उन्होंने डांस करके, प्रोग्राम अटेंड करके कमाया। वह न किसी से मांगने गए, न किसी ने उनसे पूछा। सच यही है कि उगते सूरज को ही सब नमस्कार करते हैं। वहीं, गोविंदा को धमकी मिलने के दावों पर शशि सिन्हा ने कहा, गोविंदा को लगातार कुछ संदिग्ध और उलटे-पुलटे फोन कॉल्स आ रहे थे। उन्होंने साफ किया कि यह किसी तरह का वहम नहीं है। सिन्हा ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई, उस रात करीब साढ़े तीन बजे कई लोग वहां पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि उस समय गोविंदा के हाथ में मोबाइल था और अगर उनके पास सुरक्षा के लिए गन नहीं होती, तो हालात क्या होते, यह कहना मुश्किल है। शशि सिन्हा ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि मामला आगे नहीं बढ़ा। उनके मुताबिक, अगर सामने वाले लोग सही होते तो वे खुलकर अपनी पहचान बताते। सिन्हा ने यह भी कहा कि उस वक्त वहां किसी तरह का सुरक्षा इंतजाम नहीं था। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले से जुड़े वीडियो उनके पास मौजूद हैं। घटना के बाद वह खुद रात करीब चार बजे मौके पर पहुंचे थे। इस मामले में थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
Source link