हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

राज्यसभा और लोकसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं की यह मुलाकात बेहद अहम हैं। दोनों नेताओं के बीच कई विषयों पर चर्चा हुई। सीएम मनोहर लाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर खुद ही मुलाकात की जानकारी दी।
राज्यसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 15 फरवरी तक नामांकन भरे जाएंगे। हरियाणा की एक सीट के लिए कई लोग पैरवी में जुटे हैं। पार्टी भी आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर जातीय समीकरण को साधने में जुटी है। हालांकि अभी तक किसी का नाम फाइनल नहीं हुआ है। जिन नामों पर चर्चा हो रही है, उनमें पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, सुभाष बराला और कैप्टन अभिमन्यु का नाम चल रहा है।
हरियाणा में राज्यसभा की पांच सीटें हैं। इनमें एक सीट पर कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा काबिज हैं। तीन सीट भाजपा के पास है। इनमें से एक सीट पर पिछड़ा वर्ग के रामचंद्र जांगड़ा, ब्राह्मण समुदाय से डीपी वत्स और अनुसूचित जाति से कृष्ण लाल पंवार हैं। वहीं, पांचवीं सीट पर भाजपा समर्थित कार्तिकेय शर्मा सांसद हैं। वह भी ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पार्टी जाट समुदाय से किसी को राज्यसभा भेज सकती है।