















1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रणवीर सिंह ने फिल्मों में आने से पहले ओएंडएम (O&M) जैसी नामी एजेंसी में कॉपीराइटर के तौर पर काम किया था।
एक लड़का, जो बचपन से ही फिल्मों का दीवाना था और जब उसने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा, तो उसे शुरुआत में कई रिजेक्शन झेलने पड़े। कास्टिंग काउच जैसे कड़वे अनुभवों का भी सामना करना पड़ा। यहां तक कि एक दिन जब वह काम की तलाश में अपना पोर्टफोलियो लेकर एक प्रोड्यूसर के घर पहुंचा, तो प्रोड्यूसर ने उसके पीछे कुत्ता छोड़ दिया।
वही लड़का आज बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक है। उसने अपने करियर में ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर 2’, ‘पद्मावत’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं।
जी हां, हम बात कर रहे हैं रणवीर सिंह की और आज उनके बर्थडे के खास मौके पर आइए, उनकी जिंदगी को करीब से जानते हैं
किस्सा-1
क्रिकेटर बनना चाहते थे; अमरनाथ ने कर दिया था रिजेक्ट
सातवीं क्लास में रणवीर ने एक स्कूल मैच में सिर्फ 46 गेंदों पर 71 रन बना दिए। इस शानदार पारी के बाद उन्होंने क्रिकेटर बनने का फैसला किया। अपने दोस्तों के साथ उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ की क्रिकेट अकादमी में ट्रायल देने का मन बनाया।
रणवीर ने साल 2017 में फिल्म ’83’ के एक इवेंट में यह किस्सा सुनाया था। उन्होंने कहा, ‘मेरे दोस्त क्रिकेट को लेकर काफी सीरियस थे और समय पर पहुंच गए, लेकिन मैं देर से पहुंचा। अमरनाथ सर पिच के पास खड़े थे। उन्होंने मुझे देर से आने और मेरा खेल देखने के बाद रिजेक्ट कर दिया। उस दिन उन्होंने मुझे रिजेक्ट करके बिल्कुल सही फैसला किया, वरना आज मैं यहां एक एक्टर के रूप में नहीं बैठा होता।’

रणवीर सिंह ने 2021 की फिल्म ’83’ में पूर्व कप्तान कपिल देव की भूमिका निभाई थी।
किस्सा-2
दादी ने एक्टर बनने का सपना दिखाया था
रणवीर की दादी चांद बर्क 1950 और 1960 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस थीं। उन्होंने राज कपूर की फिल्म ‘बूट पॉलिश’ से हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई और नरगिस, राज कपूर समेत कई बड़े सितारों के साथ काम किया। वह ‘बसंत बहार’, ‘सोहनी महिवाल’, ‘लाजवंती’, ‘अदालत’ और ‘दुश्मन’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं।
सिमी ग्रेवाल को दिए एक इंटरव्यू में रणवीर ने बताया था कि उनके अंदर एक्टर बनने का कीड़ा सबसे पहले उनकी दादी ने ही डाला था।

रणवीर के फिल्मों में डेब्यू से पहले उनकी दादी चांद बर्क का 28 दिसंबर 2008 को निधन हो गया था।

किस्सा-3
शाहरुख की फिल्म के गाने की वजह से सस्पेंड हुए थे
साल 1998 में फिल्म ‘दिल से’ रिलीज हुई थी और उसका सुपरहिट गाना ‘छैंया-छैंया’ हर किसी की जुबान पर था। उस समय रणवीर करीब 13 साल के थे और स्कूल में पढ़ते थे। शाहरुख के जबरदस्त फैन रहे रणवीर पर इस गाने का ऐसा जादू चला कि वह खुद को इसे सुनने से रोक नहीं पाए।
एक दिन रणवीर क्लासरूम में चुपके से वॉकमैन पर गाना ‘छैंया-छैंया’ सुन रहे थे और पूरी तरह गाने में खोए हुए थे, लेकिन उनकी यह हरकत ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और उनकी टीचर ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
क्लास में पढ़ाई के दौरान गाना सुनना स्कूल के नियमों के खिलाफ था। अनुशासन तोड़ने पर स्कूल प्रशासन ने सख्त कदम उठाया और रणवीर को कुछ दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया।

रणवीर ने अपने नाम से ‘भवनानी’ सरनेम इसलिए हटा दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि यह नाम बहुत लंबा है और इसमें ज्यादा अक्षर हैं।

किस्सा-4
प्रोड्यूसर ने रणवीर के पीछे कुत्ता छोड़ दिया था
आज रणवीर सिंह सुपरस्टार हैं, लेकिन संघर्ष के दिनों में उन्हें कई कड़वे अनुभवों से भी गुजरना पड़ा। 19वें माराकेश फिल्म फेस्टिवल में उन्होंने एक ऐसा ही किस्सा शेयर किया था।
रणवीर ने बताया था कि एक बार वह काम की तलाश में अपना पोर्टफोलियो लेकर एक प्रोड्यूसर से मिलने उनके घर पहुंचे थे। वह बरामदे में बैठकर घंटों इस उम्मीद में इंतजार करते रहे कि शायद उनसे मिलने का मौका मिल जाए, लेकिन अंदर वह अपने दोस्तों के साथ बीयर पी रहे थे और मौज-मस्ती कर रहे थे।
रणवीर के मुताबिक, उस व्यक्ति ने मजा करने के लिए अपने पालतू कुत्ते को उनके पीछे छोड़ दिया। अचानक बड़ा सा कुत्ता उनकी तरफ दौड़ पड़ा और वह डर के मारे पूरे बरामदे में भागने लगे। रणवीर ने कहा, “मैं बुरी तरह डर गया था। सोचिए, एक संघर्ष कर रहे कलाकार के साथ ऐसा मजाक किया गया।” हालांकि, उन्होंने उस प्रोड्यूसर का नाम नहीं बताया था।

किस्सा-5
अमेरिका में स्टारबक्स में वेटर का काम किया था।
रणवीर सिंह अमेरिका में पढ़ाई के दौरान पार्ट-टाइम नौकरी करते थे। इंडियाना यूनिवर्सिटी ब्लूमिंगटन में टेलीकम्युनिकेशन की पढ़ाई करते समय उन्होंने अपने खर्च पूरे करने के लिए स्टारबक्स कॉफी हाउस में वेटर और सर्वर का काम किया।
रणवीर ने इस बात का खुलासा खुद ‘कॉफी विद करण’ शो में किया था। उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान वह वहां आने वाली लड़कियों को इम्प्रेस करने की पूरी कोशिश करते थे। इसके लिए उन्होंने अपने बाल लंबे रखे थे। इतना ही नहीं, वह मशहूर एनिमेटेड शो ‘द सिम्पसन्स’ के किरदार ‘अपू’ की तरह जानबूझकर भारतीय लहजे में अंग्रेजी बोलते थे, ताकि लोग उन्हें अलग और दिलचस्प समझें।
अमेरिका में रहते हुए रणवीर ने एक्स्ट्रा पैसे कमाने के लिए बटर चिकन बेचने का काम भी किया था।
किस्सा-6
सगाई को तीन साल तक सीक्रेट रखा
साल 2015 में रणवीर ने दीपिका पादुकोण को शादी के लिए प्रपोज किया था। उस वक्त दोनों ने अपनी सगाई की बात दुनिया से छिपाकर रखी और करीब तीन साल तक यह राज सिर्फ परिवार के कुछ लोगों तक ही सीमित रहा।
करण जौहर के शो में रणवीर ने बताया था कि उस समय उन्होंने अपनी मां और बहन की मदद से एक शानदार डायमंड रिंग खरीदी थी। वह रिंग उनकी हैसियत से कहीं ज्यादा महंगी थी, लेकिन उनके लिए दीपिका की खुशी सबसे बढ़कर थी।
हॉलिडे के दौरान रणवीर ने तय किया कि प्रपोज करने का यही सही मौका होगा। मालदीव में समुद्र के बीचों-बीच एक छोटी-सी रेतीली जगह थी। चारों तरफ सिर्फ नीला पानी था और दूर-दूर तक कोई नहीं था। नाव उन्हें वहां छोड़कर चली गई। रणवीर को लगा कि इससे बेहतर पल शायद कभी नहीं मिलेगा।
उन्होंने बाद में मजाक में यह भी स्वीकार किया था कि उन्होंने जानबूझकर इतना परफेक्ट माहौल चुना था, ताकि दीपिका के लिए उन्हें ‘न’ कहना लगभग नामुमकिन हो जाए।
रणवीर घुटनों के बल बैठे, दीपिका को अंगूठी पहनाई और अपने दिल की बात कह दी। दीपिका इस सरप्राइज के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। उनकी आंखें नम हो गईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘हां’ कह दिया।
उस एक जवाब ने रणवीर को ऐसा एहसास कराया, मानो उन्होंने पूरी दुनिया जीत ली हो। तीन साल बाद, नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में दोनों ने शादी की। सितंबर 2024 में उनकी बेटी दुआ का जन्म हुआ।

रणवीर और दीपिका ने साथ में ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’ और ’83’ जैसी फिल्मों में काम किया है।

किस्सा-7
‘बेफिक्रे’ में रणवीर ने वाणी को 23 बार किस किया था
फिल्म ‘बेफिक्रे’ में रणवीर सिंह और वाणी कपूर के बीच कुल 23 किसिंग सीन फिल्माए गए थे। नवंबर 2016 में जब दोनों अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए ‘द कपिल शर्मा शो’ (एपिसोड 63) में पहुंचे, तब इन 23 किसिंग सीन्स को लेकर शो में खूब हंसी-मजाक हुआ।
बातचीत के दौरान रणवीर ने शूटिंग का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा था, “शूटिंग के दौरान मैं तो थक गया था यार, वाणी को किस करते-करते।”
रणवीर ने बताया कि लगातार इतने किसिंग सीन शूट करते-करते यह सब उनके लिए रोजमर्रा का हिस्सा बन गया था। कभी दाईं तरफ से शॉट देना होता, कभी बाईं तरफ से, फिर रीटेक… देखते-देखते पूरा प्रोसेस एक रूटीन जैसा हो गया था।
वहीं, वाणी ने कहा था कि एक समय ऐसा आ गया था जब उन्हें इन सीन्स से कोई फर्क ही नहीं पड़ता था। दोनों इतने सहज हो गए थे कि कई बार खाना खाने के तुरंत बाद भी बिना किसी खास तैयारी के शूटिंग शुरू कर देते थे।

फिल्म बेफिक्रे में रणवीर सिंह ने धरम गुलाटी और वाणी कपूर ने शायरा गिल का रोल प्ले किया था।
किस्सा-8
‘पद्मावत’ के एक सीन के लिए रजा मुराद ने 24 थप्पड़ मारे थे
फिल्म ‘पद्मावत’ की शूटिंग के दौरान एक सीन में रजा मुराद को रणवीर सिंह को थप्पड़ मारना था। आमतौर पर ऐसे सीन एक-दो टेक में पूरे हो जाते हैं, लेकिन निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी बारीकी और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। इसलिए इस सीन को बेहतरीन ढंग से फिल्माने के लिए उन्होंने कई रीटेक करवाए।
हर रीटेक में रजा मुराद को रणवीर को थप्पड़ मारना पड़ा। नतीजा यह हुआ कि रणवीर ने इस एक सीन के लिए 24 थप्पड़ खाए। आखिरकार सीन तो ओके हो गया, लेकिन रणवीर के गालों की लाली लंबे समय तक नहीं गई।

रणवीर की फिल्म ‘पद्मावत’ में रजा मुराद ने जलालुद्दीन खिलजी का रोल निभाया था।
किस्सा-9
‘धुरंधर 2’ में 48 डिग्री की गर्मी में लेदर जैकेट और विग पहन की थी शूटिंग
रणवीर की ब्लॉकबस्टर फिल्में ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया। दोनों फिल्मों ने दुनिया भर में ₹3000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर नया रिकॉर्ड बनाया। लेकिन पर्दे पर दिखने वाले इन दमदार दृश्यों के पीछे रणवीर की कड़ी मेहनत और समर्पण छिपा था।
‘धुरंधर 2’ के क्लाइमेक्स की शूटिंग किसी चुनौती से कम नहीं थी। 47–48 डिग्री की झुलसाती गर्मी, चारों ओर तपते मेटल कंटेनर, भारी पठानी सूट, लेदर जैकेट और सिर पर विग पहनकर रणवीर ने लगातार शूटिंग की।
मेकअप और प्रोस्थेटिक आर्टिस्ट करनदीप सिंह ने बताया था कि सिर्फ इस क्लाइमेक्स सीन की तैयारी में, रिहर्सल समेत, 15 से 20 दिन लगे। लुधियाना के बाहरी इलाके में फिल्माए गए इस एक्शन सीक्वेंस में रणवीर को जलते कंटेनरों पर छलांग भी लगानी पड़ी।
हालात इतने मुश्किल थे कि पूरी टीम के लिए खाना खाना तक आसान नहीं था। इसके बावजूद रणवीर ने बिना किसी शिकायत के हर सीन पूरे डेडिकेशन और भरपूर एनर्जी के साथ पूरा किया।

धुरंधर फ्रेंचाइजी में रणवीर सिंह ने एक भारतीय जासूस का रोल प्ले किया है। जबकि दोनों ही पार्ट का डायरेक्शन आदित्य धर ने किया है।

किस्सा-10
‘धुरंधर’ की सफलता के बाद भारत के सबसे महंगे एक्टर बने
फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर बन गए। दरअसल, फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए उन्होंने मेकर्स से फिक्स फीस नहीं मांगी। इसके बजाय उन्होंने कहा कि अगर फिल्म सफल होगी, तो वह उसके मुनाफे में हिस्सेदारी लेंगे।
जब ‘धुरंधर’ और इसकी फ्रेंचाइजी ने रिकॉर्ड कारोबार किया, तो रणवीर को थिएटर कमाई के साथ डिजिटल, सैटेलाइट, म्यूजिक राइट्स और परफॉर्मेंस बोनस से भी बड़ा हिस्सा मिला।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी सोर्स से रणवीर की कुल कमाई 325 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। इसी के साथ वह भारत के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेता बन गए। इस मामले में उन्होंने शाहरुख खान, रजनीकांत, प्रभास और अल्लू अर्जुन जैसे बड़े सितारों को भी पीछे छोड़ दिया।

________________________
बॉलीवुड से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें….
धर्मेंद्र ने कॉलर पकड़ी तो राजकुमार ने छोड़ी फिल्म:बप्पी लाहिड़ी के गहने देखकर बोले- मंगलसूत्र भी पहन लो, अमिताभ के सूट को पर्दा कहा

“ये कौन हैं?” सलमान खान का सवाल सुनते ही जवाब आया- “जानी…, अपने अब्बा से जाकर पूछना, हम कौन हैं।” यही थे राजकुमार। वो अभिनेता, जो फ्लॉप फिल्म के बाद भी अपनी फीस बढ़ा देते थे। कहते थे- ‘मेरी पिक्चर चले न चले, मैं फेल नहीं हुआ। कभी बप्पी लाहिड़ी के गहने पहनने का सरेआम मजाक बना देते थे, तो कभी गोविंदा जैसे कलाकारों की शर्ट काटकर रूमाल बना लेते थे। पूरी खबर पढ़ें….
Source link