






बेंगलुरु10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बेंगलुरु बेस्ड EV मैन्युफैक्चरर एथर एनर्जी ने अपना फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर रिज्टा लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने आज (6 अप्रैल) बेंगलुरु में हुए कम्युनिटी डे इवेंट के मौके पर इस स्कूटर को पेश किया है। एथर रिज्टा कंपनी की 450 सीरीज के बाद एक दम नया डिजाइन वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर है। कंपनी का दावा है कि ये फूल चार्ज करने पर 160km तक चलेगा।
एथर का कहना है कि ये इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में सबसे बड़ी सीट और सबसे ज्यादा बूट स्पेस वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर है। स्कूटर में कुल 56 लीटर का बूट स्पेस मिलेगा। इसमें सीट के नीचे 34 लीटर और फ्रंट फ्रंक में 22 लीटर का बूट स्पेस शामिल है। इसके अलावा कंपनी ने नया हेलो हेलमेट पेश किया है, जिसकी मदद से वॉइस कमांड जैसे फीचर काम करते हैं।


1.10 लाख रुपए एक्स-शोरूम शुरुआती कीमत
एथर रिज्टा को 2 वैरिएंट और 3 बैटरी पैक ऑप्शन के साथ पेश किया गया है। इसमें RiztaS (2.9 kWh बैटरी), RiztaZ (2.9 kWh बैटरी) और RiztaZ (3.7 kWh बैटरी) शामिल है। रिज्टा रेंज की शुरुआती कीमत 1,09,999 (एक्स-शोरूम बेंगलुरु) है। वहीं, टॉप वैरिएंट की कीमत 1.45 लाख रुपए (एक्स-शोरूम बेंगलुरु) है।
एथर रिज्टा S को 3 मोनोटोन कलर में पेश किया गया है। वहीं, रिज्टा Z में 7 कलर ऑप्शन मिलेंगे, जिसमें 3 मोनोटोन और 4 डुअल टोन कलर शामिल हैं। कंपनी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की बुकिंग शुरू कर दी है। बायर्स इसे 999 रुपए देकर ऑफिशियल वेबसाइट पर बुक कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि स्कूटर की डिलीवरी 24 जुलाई से शुरू की जाएगी। ये ई-स्कूटर ओला S1 प्रो, TVS आईक्यूब और बजाज चेतक को टक्कर देगा।
एथर रिज्टा 5 साल की ऑप्शनल वॉरंटी प्रोग्राम के साथ आती है। इसमें ‘एथर बैटरी प्रोटेक्ट’ के जरिए 5 साल/60,000 किलोमीटर तक बैटरी वॉरंटी शामिल है। इस वॉरंटी प्रोग्राम में सिर्फ बैटरी खराब होने की ही वॉरंटी नहीं मिलती है, बल्कि 5 साल पूरे होने के बाद बैटरी की कम से कम 70% हैल्थ बची रहने की वॉरंटी भी मिलती है।


ट्रेडिशनल स्कूटरों से ज्यादा मॉडर्न है एथर रिज्टा
एथर एनर्जी के को-फाउंडर और CEO, तरुण मेहता ने कहा, ‘यह इलेक्ट्रिक स्कूटर भारतीय परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन और इंजीनियर किया गया है। इसमें कंफर्ट, सेफ्टी और कनेक्टेड टेक जैसे फीचर्स पर ध्यान केंद्रित किया गया है। हमारा मानना है कि रिज्टा अपनी इन्हीं खासियतों के कारण ट्रेडिशनल स्कूटरों से ज्यादा मॉडर्न है।’

एथर रिज्टा : डिजाइन और हार्डवेयर
एथर रिज्टा के डिजाइन की बात करें तो इसके एप्रेन में LED इंडिकेटर्स के साथ LED लाइट सेटअप दिया गया है। इसके हैंडल में कोई लाइट नहीं है। बेहतर विजीबिलिटी के लिए एप्रेन में दी गई लाइट को ही लेफ्ट और राइट में घुमाया गया है।
फ्रंट में एथर की ब्रांडिंग मिलती है। इसमें एक जॉयस्टिक की तरह बटन दिया गया है। इसमें लेफ्ट, राइट, अप और डाउन के बटन दिए हैं। इसमें एक 7-इंच टचस्क्रीन दी गई है, जिसमें नेविगेशन के साथ कई स्मार्ट कनेक्टिविटी फीचर्स मिलते हैं।
स्कूटर के रियर में ग्रैब-रेल पर एक छोटा बैक रेस्ट दिया गया है। इसके नीचे LED DRLs जैसे लाइट दी गई हैं। इसके नीचे एथर की बेजिंग है। स्कूटर के साइड में पीछे बैठने वाले के लिए बॉडी में ही फुटरेस्ट दिया गया है।
कंफर्ट राइडिंग के लिए स्कूटर में फ्रंट में डुअल टेलीस्कोपिक सस्पेंशन दिया गया है। वहीं, रियर में मोनोशॉक एब्जॉर्बर मिलता है। ब्रेकिंग के लिए रिज्टा में फ्रंट व्हील में डिस्क ब्रेक और रियर में ड्रम ब्रेक हैं। स्कूटर में दो राइडिंग मोड्स – जिप और स्मार्ट ईको मिलते हैं। इसके अलावा, 450 सीरीज की तरह मैजिक ट्विस्ट, ऑटोहोल्ड और रिवर्स मोड जैसे राइड असिस्ट फीचर्स भी रिज्टा में दिए गए हैं।
एथर रिज्टा : फीचर्स
स्कूटर के अंडरसीट स्टोरेज में 18W के पॉवर आउटपुट के साथ एक मल्टी-पर्पज चार्जर भी लगाया जा सकता है, जो फोन, टैबलेट, पोर्टेबल स्पीकर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को चार्ज कर सकता है।
एथर ने रिज्टा में स्कूटर को फिसलने से बचाने के लिए स्किड कंट्रोल फीचर पेश किया है। यह एथर का एक प्रोप्राइटरी ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम है, जो कम फ्रिक्शन वाली सतहों जैसे रेत, बजरी, पानी या तेल वाली सतह पर एक्सेलरेशन के दौरान होने वाले ट्रैक्शन के नुकसान को कम करने के लिए मोटर टॉर्क को कंट्रोल करता है।
इसके अलावा इसमें फॉलसेफ, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल (ESS), शेयर लाइव लोकेशन, थेफ्ट एंड टो डिटेक्ट और फाइंड माई स्कूटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो एथर 450 सीरीज के स्कूटरों में भी हैं।

इलेक्ट्रिक स्कूटर IP66 वाटर प्रूफ रेटिंग के साथ आई है।
Source link